
West Medinipur: बंगाल में पंचायत चुनाव खत्म होते ही जिले भर में घर छोड़ने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के डर के से भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय को ही अपना घर बना लिया है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व ने इस बात को खारिज कर दिया है।

वहीं भगवा खेमे का दावा है कि पंचायत चुनाव के नतीजे आने के 72 घंटे बाद भी जिले में अपना घर छोड़कर पार्टी कार्यालय में शरण लेने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ रही है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि जिले में तृणमूल कांग्रेस के गुंडे भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी दे रहे हैं और जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले जारी हैं।

भाजपा सूत्रों के अनुसार पश्चिम मेदिनीपुर जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद 500 से ज्यादा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपना घर छोड़ना पड़ा है। फिलहाल पार्टी कार्यालय में 26 भाजपा कार्यकर्ता शरण लिए हुए हैं।
इनमें से कुछ इस बार के चुनाव में पोलिंग एजेंट थे, कुछ सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर जाने जाते हैं। भगवा खेमे के अनुसार मेदिनीपुर जिला पार्टी कार्यालय में घर छोड़कर आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। इस सूची में वे लोग भी शामिल हैं जो 2021 विधानसभा चुनाव के बाद लंबे समय से बेघर हैं।
जिला भाजपा नेतृत्व इन सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को घर वापस लाने के लिए फिर से हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की सोच रहा है। जिला भाजपा प्रवक्ता अरूप दास ने कहा कि पूरे मामले पर प्रदेश नेतृत्व से चर्चा हो चुकी है।
दूसरी ओर, जिला तृणमूल अध्यक्ष सुजॉय हाजरा ने दावा किया कि चुनाव से पहले या बाद में अत्याचार की कोई घटना नहीं हुई है। अगर कोई भी भाजपा कार्यकर्ता अपने घर से बाहर है तो उसे घर वापसी के लिए सीधे जिला तृणमूल अध्यक्ष से अपील करनी चाहिए। जिला तृणमूल अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि ऐसा कोई मामला मिलता है तो वे खुद भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके घर वापसी में सहयोग करेंगे। (HS)


