
Kolkata: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में रविवार को एक स्पाइसजेट (SpiceJet) विमान लैंडिंग से ठीक पहले तूफान में फंस गया। इस घटना में कुछ यात्री घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट के विमान बोईंग बी737 ने रविवार को मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए उड़ान भरी थी। विमान दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट तक पहुंचा, लेकिन विमान एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाला था कि खराब मौसम के कारण वह तूफान में फंस गया।

विमान के तूफान में फंसने के बाद विमान के पायलट ने स्थिति को संभाला और किसी तरह हवाईअड्डे पर उतरे, लेकिन कई यात्री घायल हो गए। उसके केबिन का सामान गिरने लगा, जिस कारण कई यात्री घायल हो गए। इसके बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अंडाल हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि घायल यात्रियों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का अभी भी इलाज चल रहा है। ये सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
ओवरहेड केबिन का सामान यात्रियों पर गिरने से लगभग 40 यात्रियों को चोटें आईं। स्पाइसजेट के अधिकारियों ने लैंडिंग के समय मुंबई-अंडाल उड़ान के लड़खड़ाने की घटना की पुष्टि की।


