
Kolkata: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के खिलाफ पुलिस को सख्ती बरतने की हिदायत दी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा है कि बीएसएफ के जवान बिना अनुमति गांवों में प्रवेश न करें, यह पुलिस को सुनिश्चित करना होगा। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्रों में बीएसएफ और पुलिस के बीच टकराव बढ़ सकता है।

बांग्लादेश की सीमा से सटे नदिया जिले में प्रशासनिक बैठक में ममता बनर्जी ने कानून-व्यवस्था को राज्य सरकार का विषय बताया और नादिया जिले में पुलिस को निर्देश दिया कि वह बीएसएफ को उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर के इलाकों में प्रवेश न करने दें।

प्रशासनिक बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले के पुलिस अधिकारियों से ”नाका चेकिंग” (चौकियों) को बढ़ाने और अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। ममता ने कहा, “मैं आईसी (प्रभारी निरीक्षकों) से उनकी गतिशीलता बढ़ाने और नाका चेकिंग को तेज करने के लिए कहूंगी। आपकी सीमा बांग्लादेश के साथ करीमपुर से शुरू होती है। आपको उस पर भी नजर रखनी होगी। आपको यह भी देखना होगा कि बीएसएफ आपकी अनुमति के बगैर गांवों में न जाए। बीएसएफ अपना काम करेगी और आप अपना करेंगे। हमेशा याद रखें कि कानून और व्यवस्था आपका विषय है। आम लोगों को प्रताड़ित किया जाएगा तो मैं ऐसा नहीं होने दूंगी।”


