
कोलकाता: पिछले साल शुरू की गई कोलकाता हेरिटेज रिवर क्रूज को कोविड महामारी के दूसरे दौर के बाद बंद करना पड़ा था। अब कोरोना संक्रमण के मामले कम होने शुरू हुए हैं। ऐसे में एक बार फिर से इसे जल्द शुरू करने की उम्मीद है।

पिछले साल मिलेनियम पार्क जेटी से कोलकाता हेरिटेज रिवर क्रूज की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य था कि गंगा एवं आस-पास के हेरिटेज स्थलों को जल परिवहन के माध्यम से और प्रसिद्ध बनाया जाए। लंदन, सिंगापुर जैसी जगहों पर क्रूज का सफर लोगों को काफी पसंद आता है। उसी तर्ज पर यहां भी परिवहन विभाग ने डब्ल्यूबीटीसी के माध्यम से यह प्रयास शुरू किया था। रिवर क्रूज पर लोगों को संगीत के साथ हेरिटेज सफर का आनंद देने का प्रयास किया गया था। कुल 90 मिनट के क्रूज के सफर में लोगों को लंदन व सिंगापुर जैसा अनुभव मिलता है।

वेस्ट बंगाल ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन के सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता हेरिटेज रिवर क्रूज ने काफी कम समय में बड़ी प्रसिद्धि हासिल की है। इसकी मांग काफी है। वेस्ट बंगाल ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन भी इसे फिर से लोगों की सुविधा व मनोरंजन के लिए शुरू करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इसके पहले आवश्यक रिसर्च एवं अन्य कार्य किए जाएंगे। साथ ही कोविड प्रोटोकाल को मनवाने के लिए आवश्यक उपाय होंगे। इसके बाद ही इसे शुरू किया डायेगा।


