
सिलीगुड़ी: फर्जी जज बनकर व्यवसायी को लाखों रुपये का चूना लगाने के मामले में बिहार के किशनगंज से बंगाल पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) टीम ने दो आरोपित को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को बुधवार को किशनगंज कोर्ट में पेश कर डीडी ने तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक समीर दुबे ने कुछ दिन पहले बिहार के किशनगंज कोर्ट का जज बनकर सिलीगुड़ी के सेवक रोड के एक व्यवसायी से संपर्क किया था। समीन ने व्यवसायी को बताया कि कस्टम ने बड़ी मात्रा में गेहूं जब्त किया है और इसकी नीलामी की जाएगी। यदि आप गेहूं खरीदना चाहते हैं तो संपर्क करे। इसके बाद वह व्यवसायी समीर दुबे के झांसे में आ गया।

बताया गया कि व्यवसायी ने समीर को 91 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। रुपये मिलने के बाद से ही समीर लापता हो गया। उसकी कोई खोज खबर न मिलने के बाद परेशान व्यवसायी ने भक्तिनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद यह मामला डीडी को सौंप दिया गया। जांच जुटी डीडी की टीम ने समीर दुबे और उसके साथी आलम को मंगलवार को किशनगंज से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित को आज डीडी ने किशनगंज कोर्ट में पेश कर तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लेकर सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुई है।



