

नंदीग्राम।

विधानसभा चुनाव के लिए कोलकाता के भवानीपुर से पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम पहुंचीं ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) बुधवार को चोटिल हो गयीं। नंदीग्राम में रात्रि विश्राम की योजना को बदलकर वह बुधवार को ही कोलकाता लौट गयीं। नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार ममता बनर्जी ने आज ही हल्दिया में नामांकन दाखिल किया था। ममता बनर्जी ने उन पर हमले का आरोप लगाया है। कहा है कि वह इसके खिलाफ चुनाव आयोग जायेंगी।

सुबह शिव मंदिर में पूजा करने के बाद वह नामांकन दाखिल करने के लिए हल्दिया महकुमा शासक के दफ्तर में गयीं थीं। नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं को संबोधित किया ।
दरअसल, ममता बनर्जी को हल्दिया से नंदीग्राम जाना था। वह पूजा करने के लिए एक मंदिर में गयीं थीं। ममता बनर्जी ने कहा है कि जब वह मंदिर से निकलने के बाद अपनी कार में बैठने जा रहीं थीं, तभी किसी ने कार के गेट को जोर से धक्का मारा, जिसकी वजह से वह गिर गयीं। उनके पैर में चोट आयी है।
Nandigram: West Bengal CM Mamata Banerjee says she has suffered an injury in her leg after few people pushed her as when she was near her car pic.twitter.com/wx69lVdsbB
— ANI (@ANI) March 10, 2021
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें नंदीग्राम जाना था, लेकिन अब वह वहां नहीं जायेंगी। उनके पैर में प्लास्टर हुआ है और वह अब कोलकाता लौट रही हैं। गौरतलब है कि नंदीग्राम में दूसरे फेज में 1 अप्रैल को चुनाव है।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अर्जुन सिंह ने कहा है कि ममता बनर्जी सहानुभूति पाने की कोशिश कर रही हैं। यह पूरी तरह से पुलिस की नाकामी है। यदि ममता बनर्जी पर किसी ने हमला किया, तो वह भाग कैसे गया।



