

कोलकाता।

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद केडी सिंह को ED ने गिरफ्तार किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा बुधवार को एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया है। के.डी सिंह (Kanwar Deep Singh) की गिरफ्तारी के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल मच गयी है। चुनाव पूर्व ED की कारर्वाई को राजनीति से जोड़ कर देखा जा रहा है।

प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी ने कहा कि उसे अदालत में पेश किया जायेगा। 1,900 करोड़ के घोटाले से जुड़े दो मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में उन्हें गिरफ्तार किया है।
प्रवर्तन निदेशालय की उनपर लंबे वक्त से नजर थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जब केडी सिंह अपनी ट्रांजैक्शन के बारे में सफाई नहीं दे सके, उसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार किया। प्रवर्तन निदेशालय को इससे पहले भी केडी सिंह के ठिकानों पर छापेमारी में कई जरूरी कागजात, विदेशी करेंसी और कैश मिला था। साल 2018 में ही केडी सिंह पर PMLA के तहत केस शुरू किया गया था।
बता दें कि केडी सिंह अप्रैल 2014 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा में भेजे गये थे। उनका कार्यकाल पिछले साल अप्रैल में समाप्त हो गया था। बुधवार को इस एक्शन के बाद टीएमसी (TMC) की ओर से सफाई दी गई कि अब के.डी सिंह का उनकी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।
KD सिंह की कंपनी अल्केमिस्ट इन्फ्रा रियलटी लिमिटेड पर ED ने 2016 में केस दर्ज किया था। ये मामला PMLA के तहत दर्ज किया गया था। आरोप था कि इस कंपनी ने लोगों को करीब 1916 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। SEBI की ओर से कंपनी, इसके डायरेक्टर और शेयर होल्डर्स पर मामला दर्ज किया गया था।
प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इससे पहले भी केडी सिंह की संपत्ति को सीज किया गया था। केडी सिंह की करीब 239 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी, जिसमें रिजॉर्ट, शोरूम और बैंक खाते भी शामिल थे। केडी सिंह के ठिकानों पर ईडी पहले भी छापेमारी कर चुकी है।



