Ranchi: झारखंड में पूरवइया और पछुआ हवा के मिलन से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी रांची समेत सभी जिलों में तपती गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे के दरम्यान राज्य का मौसम शुष्क रहा। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पलामू और सबसे कम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का दर्ज किया गया है।
रांची मौसम केंद्र के प्रभारी कार्यालय निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में कंक्रीट का जाल बिछ जाने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र खासकर जहां पेड़ पौधे अधिक हैं वहां अब भी तापमान संतुलित है। उन्होंने अभी लू चलने की संभावना से इनकार किया है। मौसम गर्म तो रहेगा लेकिन उष्ण लहर यानी लू नहीं चलेगी। इसके बावजूद लोग घर से बाहर निकलने के दौरान सावधानी बरतें।
उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी बदलते मौसम का परिचायक है। वहीं, 24, 25 और 26 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। उन्होंने अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी के संकेत दिए हैं। साथ ही सलाह दी है कि बदलते मौसम के मिजाज को देखते हुए हमें सतर्क रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पूर्व भरपूर मात्रा में स्वच्छ पेयजल का सेवन करें।
अगले चार दिनों का तापमान
- 24 मार्च- अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा
- 25 मार्च- अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा
- 26 मार्च- अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा
- 27 मार्च- अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा