देहरादून।

देश में लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के बीच हो रहे कुंभ मेले को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और खतरे की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच कुंभ से एक बड़ी खबर सामने आई है। दो अखाड़ों ने कुंभ का जल्दी समापन करने का फैसला किया है।

बताया गया है कि श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े और आनंद अखाड़े ने 17 अप्रैल को कुंभ छोड़ने का ऐलान किया है। इसका कारण अखाड़ों के साधु संतों में कोरोना के लक्षण और कुछ के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने को बताया जा रहा है।

निरंजनी अखाड़े के सचिव और मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने कुंभ मेले के समापन की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि मुख्य शाही स्नान संपन्न हो गया है उसके बाद अखाड़ों में बड़ी संख्या में संत और भक्तों में कोरोना के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमारे अखाड़े ने 17 अप्रैल को कुम्भ समाप्त करने का फैसला लिया है, उन्होंने कहा कि ये अखाड़ा परिषद का फैसला नहीं है, ये हमारे अखाड़े का निजी फैसला है, अधिकतर अखाड़ों की यही राय है हमने अपने अखाड़े में कुंभ समापन की घोषणा कर दी है।


