
Noida: मध्य प्रदेश की पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 151 की सोसाइटी से एक महिला को गिरफ्तार किया है। बीते रविवार को मध्य प्रदेश के जनपद भिंड आई पुलिस ने नोएडा की क्राइम ब्रांच पुलिस टीम के साथ मिलकर एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि ये ऑनलाइन वैवाहिक साइट के जरिए फ्रॉड करती थी और कई लोगों को उसने अभी तक करोड़ों का चूना लगा चुकी है।

मामले के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 151 के जेपी अमन सोसाइटी में टावर 19 के फ्लैट नंबर 1205 में रहने वाली पल्लवी सोनवाल को कल मध्य प्रदेश पुलिस ने हिरासत में लिया है और अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई है। पल्लवी सोनवाल और उसका पति जॉन जूलियस इन दोनों पर आरोप है कि यह लोग ऑनलाइन वैवाहिक साइट पर अलग-अलग लड़के-लड़कियों की फोटो डालकर लोगों से बातचीत करते थे और फिर लड़के या लड़की के विदेश से आने की सूचना उन्हें देते थे। यह लोगों को यह कहकर ठगते थे कि वापस आते समय एयरपोर्ट पर कस्टम ने लड़के या लड़की को रोक लिया है और लाखों रुपए के रूप में उन्हें पेनाल्टी जमा करनी होगी जो बाहर आने के बाद वापस कर दी जाएगी। रिश्ते की लालच में आए परिवार जन पैसों को इन दोनों को ट्रांसफर कर दिया करते थे तब ये लोग नंबर बंद कर फरार हो जाते थे। यह दोनों ऐसे कई पीड़ितों को करोड़ों का चूना लगा चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक जॉन जूलियस पहले ही एक मामले में जेल में है और अब भिंड में मिली एक शिकायत के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस ने पल्लवी सोनवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है।


