
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) के लिए सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) रविवार को लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करेगी। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संकल्प पत्र जारी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा एवं संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

भाजपा कार्यालय द्वारा मिली जानकारी के अनुसार लोक कल्याण संकल्प पत्र के लिए 15 दिसंबर 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आकांक्षा पेटी लांच कर प्रदेश भर से सुझाव मांगे गए थे। यूपी नम्बर 1 ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ थीम पर हुए कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 30 हजार ग्राम पंचायत, सभी विधानसभा क्षेत्रों और महानगरों में विभिन्न सामाजिक और आर्थिक वर्ग के लोगों से संवाद कर सुझाव मांगे गए थे। इसके साथ ही मिस्डकाल और ई-मेल के माध्यम से भी सुझाव लिए गए थे।

भाजपा का दावा है कि पार्टी ने 2017 में जारी किए गए संकल्प पत्र के सभी संकल्पों को चरितार्थ किया था। हमने जो कहा है वह किया है। इस बार ‘सोच ईमानदार, काम असरदार’ यूपी फिर मांगे भाजपा सरकार की थीम पर फिर से जनता के बीच अपने असरदार काम को लेकर दोबारा आए हैं।
पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में बनाई गई संकल्प पत्र समिति ने प्रदेश भर से विभिन्न माध्यमों से आए सुझावों को एकत्र कर जन हितैषी आकांक्षाओं का संकलन किया गया है, जिसका अनावरण गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किया जाना है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र को लेकर फिर हम जनता के बीच जाएंगे और प्रदेश की जनता से दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का आशीर्वाद लेंगे।


