Lucknow: समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव, राज्य सरकार के पूर्व मंत्री व लखनऊ में सपा के वरिष्ठ नेता शारदा प्रताप शुक्ला ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
शुक्ला के साथ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के उन्नाव जिलाध्यक्ष व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतीश कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में समर्थकाें ने भी फिर एक बार भाजपा सरकार के संकल्प के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, प्रदेश उपाध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दयाशंकर सिंह व भाजपा नेता राजेश्वर सिंह भी उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी नवागन्तुकों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान की आत्मनिर्भरता से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार ने सुरक्षित एवं खुशहाल प्रदेश बनाने के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि विगत डेढ़ दशक से चरमराई कानून व्यवस्था को योगी सरकार ने सुदृढ़ किया और बहन, बेटी की सुरक्षा तथा प्लाट, जमीन, मकान की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई। सुदृढ़ कानून व्यवस्था से निवेश और निवेश से रोजगार के अवसर सृजित हुए। भाजपा सरकार में माफिया, अपराधी, गुण्डें या जेल की कोठरी में हैं या घर की कोठरी में दुबके हुए है।
स्वतंत्र देव ने कहा कि प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए आप सभी भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर फिर एक बार प्रदेश में कमल खिलाइये ताकि फिर गांव, गरीब, किसान, नौजवान की खुशहाली तथा मां, बहन, बेटी के सम्मान की सरकार बन सके।