
उन्नाव: लोकसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता साक्षी महाराज के खाते से पटना के जालसाजों ने एक लाख रुपए की सेंधमारी कर दी। दिल्ली पुलिस ने छानबीन करते हुए दो जालसाजों को पटना से गिरफ्तार कर लिया है और अपने साथ दिल्ली ले गई है। मामला हाई प्रोफाइल है इसलिए पटना पुलिस भी दबी जुबान में ही बोल रही है।

दिल्ली पुलिस की टीम ने पटना पुलिस के सहयोग से कंकड़बाग से निहाल सिन्हा और गर्दनीबाग इलाके से दिनेश राय को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस इन्हें पटना से लेकर जा चुकी है। पूछताछ में शातिरों ने कई लोगों को चूना लगाने की बात कबूली है।

पटना पुलिस के अधिकारियों के अनुसार दिनेश राय इस गिरोह का मास्टरमाइंड रहा है। जबकि निहाल सिन्हा उसका सहयोगी था। महीने पहले जालसाजों ने फर्जी चेक के माध्यम से सांसद साक्षी महाराज के खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए थे।
मिली जानकारी के अनुसार निहाल सिन्हा के खाते में सांसद के पैसे ट्रांसफर किए गए थे। सांसद साक्षी महाराज ने इस मामले को लेकर दिल्ली के संसद मार्ग थाना में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन में ही इस बात का पता लगा लिया था कि ठगी के इस मामले में पटना के जालसाज शामिल हैं। हालाँकि पटना के किसी थाने में जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज नहीं है।
मास्टरमाइंड दिनेश राय पर आरोप है कि उसने फर्जी चेक से सांसद के खाते से रुपए उड़ाए और फिर उसे निहाल सिन्हा के खाते में ट्रांसफर कर दिया। निहाल पेशे से मजदूर बताया जाता है। सांसद के खाते से पैसे निकालने के बाद 70 हज़ार दिनेश राय ने अपने पास रख लिए थे, जबकि 30 हज़ार निहाल को दिए थे। दिनेश राय एक शातिर ठग बताया जा रहा है। दिनेश राय के साथी को भी ठग बताया जा रहा है जिसकी गिरफ्तारी के बाद साइबर क्राइम के कई मामले उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।


