नई दिल्ली।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली में औसतन हर घंटे कोविड-19 के कारण कम से कम पांच व्यक्तियों की मौत हो रही है।

दिल्ली में मौत के आंकड़ों ने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है। ऐसे में कोरोना से सबसे ज्यादा सतर्क महाराष्ट्र हो गया है। उद्धव सरकार ने दूसरे राज्यों से मुंबई आने वाले लोगों को शर्तों के साथ एंट्री शुरू कर दी है।

नियमों के मुताबिक कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट के बिना दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, गोवा से आने वाले हवाई यात्रियों की एंट्री नहीं हो सकेगी।
सरकार के आदेशानुसार, यात्रियों के पास अगर कोरोना निगेटिव रिपोर्ट नहीं होगी तो उन्हें एयरपोर्ट पर RTPCR टेस्ट के पैसे देने होंगे और उनकी जांच की जाएगी। टेस्ट होने के बाद ही उन्हें घर जाने की इजाजत होगी। अगर किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो संपर्क किया जाएगा और प्रोटोकोल के मुताबिक उनका ट्रीटमेंट होगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड-19 की तीसरी लहर देखी जा रही है और मामलों की संख्या खतरनाक दर से बढ़ रही है। सड़कों से मुंबई आने वालों को बॉर्डर चेकपोस्ट पर स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। लक्षण वाले लोगों को एंटीजन टेस्ट से गुजरना होगा। यदि सकारात्मक पाया जाता है, तो यात्री इलाज की लागत वहन करके कोविड केंद्र में भर्ती होगा।
महाराष्ट्र में भी कोरोना के मरीजों में तेजी लगातार बनी हुई है। महाराष्ट्र में एक दिन में 5 हजार 439 केस सामने आए हैं जबकि 30 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 18 लाख को छूने वाला है। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना से 46 हजार 683 लोगों की जान जा चुकी है।



