

संगरूर/पंजाब।

पंजाब के संगरूर में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क हादसे में पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। संगरूर में ट्रक से टक्कर के बाद एक कार आग का गोला बन गई। लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में कार सवार पांच लोग ज़िंदा झुलस गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। कार भी जलकर राख हो गई।


जानकारी के मुताबिक, हादसा संगरूर-सुनाम रोड पर मंगलवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार 5 लोग किसी विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे। कार में सवार पांचों लोग मोगा जिले के रहने वाले थे। सोमवार को वे मैरिज एनिवर्सरी फंक्शन में शामिल होने के लिए संगरूर के दिड़बा शहर गए थे। वहां से लौटने के दौरान उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिससे कार में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब ये लोग सुनाम रोड पर पहंचे तब ट्रक को ओवरटेक करते समय दोनों वाहनों में टक्कर हो गई और देखते ही देखते कार ने आग पकड़ ली। गाड़ी सेंट्रल लॉक थी इसलिए कार सवार लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका। उसके बाद आग ने सभी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और कार के अंदर ही जलकर राख हो गए।
मारे गए लोगों की पहचान मोगा के टल्लेवाल के रहने वाले बलविंदर सिंह, नानक नगर के कुलतार सिंह, ग्रीन फील्ड कालोनी के कैप्टन सुखविंदर सिंह, रामुवालिया के सुरिंदर सिंह और चमकौर सिंह के तौर पर हुई है।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया है और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि इस खबर से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।



