बिहार
भागलपुर।

भागलपुर में नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीन टंगा दियारा में बड़ा हादसा हुआ है। तीन टंगा दियारा में नाव पलट जाने से कई लोग डूब गए हैं, जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। नाव में लगभग 150 लोग सवार थे, जिनमें से कई लोग खुद तैरकर किनारे पर पहुंचे।

स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह डूबते लोगों में से 12 को बाहर निकाला। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नाव में सवार बाकी लोगों की खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की दो नावें लगी हुई हैं। बताया जाता है कि नाव में महिलाओं समेत 40 बच्चे भी सवार थे। प्रथम दृष्टया यह हादसा ओवरलोडिंग के कारण हुआ लगता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना सुबह साढ़े आठ बजे की है।बताया जा रहा है कि जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा दियारा जहाज घाट पर मजदूर और किसान प्राइवेट नाव पर सवार होकर दियारा (नदी किनारे का क्षेत्र) मकई की बुआई करने के लिए जा रहे थे। लेकिन, अधिक यात्रियों की वजह से नाव पलट गई और डूबने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव में बहुत-ज्यादा लोग सवार हो गए थे। जैसे ही नाव आगे बढ़ी कि जहाज घाट के पास पलट गई।हादसे के कारण गांव में अफरातफरी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाव पर सवार बहुत-से लोगों का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है। लापता लोगों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर भागलपुर के डीएम-एसपी सहित कई वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।



