रांची।

राज्य सरकार ने गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के तहत कार्रवाई की है. ये आरोप है भाजपा का. भाजपा ने राज्य सरकार पर सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के तहत कार्रवाई किये जाने का आरोप लगाया है.

प्रदेश भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें इस संबध में ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में बोकारो विधायक विरंची नारायण और प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा भी शामिल थे. जिन्होंने राज्यपाल से राज्य सरकार को निर्देश देने की अपील की. प्रदेश भाजपा द्वारा कहा गया कि सरकार डॉ. दुबे को अनैतिक और गैर कानूनी तरीके से परेशान करना बंद करे.




प्रतिनिधिमंडल द्वारा कहा गया कि गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को देवघर स्थित एलकोसीधाम जमीन रजिस्ट्री प्रकरण में जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है. इसमें राजनीतिक साजिश है. जिस जमीन को लेकर निशिकांत दुबे के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, वे न उसके खरीददार हैं और न ही विक्रेता. उनकी पत्नी अनामिका गौतम के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री हुई है. खरीदनेवाले ने कानूनी प्रावधानों का पालन किया है. सरकारी स्टांप शुल्क का भुगतान भी किया है. इस जमीन के मामले में सरकार को किसी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है. जानबूझ कर सांसद के खिलाफ अपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है.
राज्यपाल को सौंपे पत्र में इस बात की गंभीरता की ओर भी स्पष्ट किया गया है कि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के खिलाफ देवघर थाने में एफआइआर दर्ज कराने वाला विष्णुकांत झा खुद दुष्कर्म सहित कई अन्य अपराधिक मामलों का आरोपी है. जिसपर कई मामले लंबित हैं.
प्रदेश भाजपा का कहना है कि सांसद निशिकांत दुबे काफी लोकप्रिय हैं और सरकार के जनविरोधी नीतियों और व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल उठाते हैं. इसी वजह से राज्य सरकार उनके खिलाफ पद और पावर का दुरुपयोग कर बेबुनियाद आरोप लगा उन्हें परेशान कर रही है .



