देवघर के शराब दुकानों में एक साथ स्टॉक वेरिफिकेशन,अधिकारियों ने कहा-मुख्यालय के निर्देश पर की गयी जांच-पड़ताल
देवघर/मिहिजाम।
बाबानगरी देवघर सहित संथाल परगना के सभी छह जिलों में बुधवार को अचानक से पुलिस की गतिविधि देखी गयी। ये गतिविधि कई शराब दुकानों पर नजर आई।

पुलिस और अधिकारियों की टीम ने सभी जगहों पर शराब की दुकानों पर छापेमारी की। मिली जानकारी के मुताबिक जिन शराब दुकानों में पुलिस की तरफ से छापेमारी की गयी, वे सभी दुकानें योगेंद्र तिवारी की बतायी जा रही हैं।


देवघर में भी जिला मुख्यालय सहित मधुपुर, जसीडीह व पालोजोरी के शराब दुकानों और थोक भंडार में मुख्यालय के निर्देश पर एक साथ स्टॉक जांच की गयी। इस क्रम में खिजुरिया स्थित शराब डिपो सहित डाबरग्राम शराब दुकान, मेहर गार्डेन के बार एंड रेस्टोरेंट, बरमसिया की शराब दुकान , टावर चौक स्थित शराब दुकान, पालोजोरी व मधुपुर के भी शराब दुकानों में एक साथ शराब स्टॉक का वेरिफिकेशन किया गया।
अधिकारियों की टीम ने बताया कि शराब दुकानों की यह जांच-पड़ताल मुख्यालय के निर्देश पर सभी जगह एक साथ किया गया। ओपनिंग शराब स्टॉक सहित प्रतिष्ठान के स्टॉक व क्लोजिंग स्टॉक की जांच की गयी। इससे सबंधित पंजी, दस्तावेज व कागजातों का भी जांच कर जानकारी ली गयी।
मिहिजाम थाना में डिटेन तिवारी
दिनभर की छापेमारी के बाद योगेंद्र तिवारी को पुलिस ने आखिरकार मिहिजाम थाने में डिटेन कर लिया है. जामताड़ा पुलिस ने योगेंद्र तिवारी को निहिजाम थाने में रखा है. हालाँकि, खबर लिखे जाने तक इस बात की पुष्टि पुलिस की तरफ से नहीं की गयी कि आखिर योगेंद्र तिवारी को क्यों डिटेन किया गया है.




