रांची।
विधायक प्रदीप यादव को जेवीएम से निष्कासित कर दिया गया है. इस बात की जानकारी पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह ने प्रेस वार्ता कर दी.
रांची के डिबुआडीह स्थित झारखंड विकास मोर्चा के केन्द्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए झाविमो के प्रधान महासचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि आज के प्रेसवार्ता का मुख्य उद्देश्य यह है कि हमलोगों ने 2019 विधानसभा का चुनाव लड़ा था. जेवीएम को इस चुनाव में तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद दो विधायकों द्वारा पार्टी के विरोध में कार्य करना शुरू कर दिया गया था. इस कारण कुछ दिन पूर्व मांडर से झाविमो विधायक बंधु तिर्की को पार्टी से निष्कासित किया गया था।
अभय सिंह ने बताया कि बंधु तिर्की की तरह ही पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव भी पार्टी के खिलाफ कार्य करते रहे थे। पार्टी के विरुद्ध बयानबाजी, षड्यंत्र और पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे थे. कांग्रेस के नेताओं से भी उनका मिलना जुलना जारी था। प्रदीप यादव पार्टी के अनुशासन को तोड़कर पार्टी विरोधी काम कर रहे थे। जिसके लिए 4 फरवरी को उन्हें कारण बताव नोटिस भी जारी किया था। 48 घन्टे के अंदर प्रदीप यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया था. इसके बावजूद तय सीमा के अंदर उन्होंने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया।
अभय सिंह ने कहा कि स्पष्टीकरण न देने और लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की सहमति और निर्देशानुसार प्रदीप यादव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।