
रांची:

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि पूरे देश में 90 शहरों का चयन स्मार्ट सिटी के लिए हुआ है और झारखंड का रांची देश का पहला शहर बना जहां स्मार्ट सिटी निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ है, आने वाले दिनों में रांची देश के लिए एक प्रेरणादायी शहर बनेगा. स्मार्ट सिटी के लिए रांची शहर का चयन सिर्फ मेरे नगर विकास मंत्री रहने और कहने से नहीं हुआ है बल्कि रांची ने उन सभी पायदानों को पार किया जो स्मार्ट सिटी चयन हेतु आवश्यक था. राज्य के सभी नागरिक अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करें और इस स्मार्ट सिटी के निर्माण में अपनी भागीदारी तय करें. उपरोक्त बातें उपराष्ट्रपति ने शनिवार को एचइसी परिसर में स्मार्ट सिटी के शुभारंभ हेतु भूमि पूजन एवं अर्बन सिविक टावर, कन्वेंशन सेंटर एवं झारखण्ड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कही.

बिना जनभागीदारी के कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती है. रांची के नागरिकों के प्रयास से स्मार्ट सिटी मिला है। रांची देश की पहली ग्रीन फिल्ड स्मार्ट सिटी होगी. यह सिटी पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा बनेगी.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि पूरे देश का 40% खनिज, प्रकृति संसाधन और एक दूरदर्शी मुख्यमंत्री झारखण्ड के पास है. बस राज्य की जनता स्मार्ट होकर इस अवसर का लाभ लेकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया आगे बढ़ रहा है तो हम पीछे क्यों रहें. देश के लिए जरूरी है कि भारत के सभी शहर स्मार्ट बने और प्रधानमंत्री का यही लक्ष्य भी है. लोगों को अपनी सोच में बदलाव लाना जरूरी है। लोग सोचते हैं स्मार्ट सिटी बनने से क्या होगा ऐसी सोच से हमें बाहर आना होगा.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि स्मार्ट सिटी होगा तो बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत सुविधा समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.केंद्र और राज्य सरकार स्मार्ट सिटी निर्माण हेतु 500-500 करोड़ की राशि उपलब्ध करा रही है लेकिन हम सब को समर्पित होकर इसके निर्माण के लिये साधन जुटाना है.
उन्होंने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था जितना सामान्य रहेगा राज्य उतनी तेजी से विकास करेगा. सिद्धांत और विचारधारा अलग बात है. विरोध करनेवाले अपने विचारधारा और सिद्धांत से आम लोगों को प्रभावित करें और चुनाव के जरिये सामने आकर मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और जनप्रतिनिधि बन बदलाव लायें. यह सब को स्वीकार्य होगा लेकिन बंदूक के बल यह करना आपका अधिकार नहीं. उपराष्ट्रपति ने कहा कि काफी हद तक झारखण्ड में हिंसा कम हुआ है. मानवाधिकार वाले सिर्फ माओवादियों के मारे जाने पर आवाज ना उठाये बल्कि एक पुलिसकर्मी के शहीद होने पर भी अपनी आवाज बुलंद करें. हिंसा करने वालों को प्रोत्साहन नहीं मिलना चाहिये.
क्या है स्मार्ट सिटी में:
रांची स्मार्ट सिटी देश की पहली ग्रीन फिल्ड स्मार्ट सिटी है. इसका निर्माण 656 एकड़ में किया जा रहा है. यहां ओपेन एरिया 37.32 प्रतिशत, संस्थानों के लिए 20.43 प्रतिशत, आवासीय 13.18 प्रतिशत, कमर्शियल 10.22 प्रतिशत, पब्लिक 8.32 प्रतिशत तथा मिक्स यूज के लिए 10.53 प्रतिशत स्थान रखा गया है. यहां अत्याधुनिक आइटी कनेक्टिविटी व डिजीटलाइजेशन, सेफ्टी व सिक्यूरिटी, वेस्ट वाटर रिसाइकिलिंग, नो व्हेकिल जोन, एनर्जी एफिसिएंट स्ट्रीट लाइटिंग, पेडिस्ट्रियन पाथ वे, स्मार्ट सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, डक्ट केबलिंग, स्मार्ट सेनिटेशन सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सौर ऊर्जा, स्मार्ट मीटरिंग, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट, रिवर फ्रंट, पार्क व काफी बड़ा ओपेन स्पेश है.


