Tokyo Paralympic: टोक्यो पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के रिकॉर्ड प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह हर भारतीयों की याद से हमेशा जुड़ा रहेगा। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक खेलों में 5 गोल्ड, 8 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया, जिससे देश पदक तालिका में 24वें स्थान पर रहा। इसमें बैडमिंटन खिलाड़ियों ने चार पदक जीते जिसमें दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे खेलों में जुड़ने के लिए लोग प्रोत्साहित होंगे।
पीएम मोदी ने पैरालंपिक गेम्स के समापन के बाद रविवार को ट्विटर पर लिखा, “भारतीय खेलों के इतिहास में टोक्यो पैरालंपिक की हमेशा एक खास जगह होगी। यह हर भारतीयों की याद से जुड़ा रहेगा और खिलाड़ियों की पीढ़ियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। हमारे दल ( Tokyo Paralympic ) का हर सदस्य एक चैंपियन है और प्रेरणा का स्रोत है।”
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “भारत ने रिकॉर्ड संख्या में मेडल जीतकर हमारे दिलों को खुशी से भर दिया है। मैं खिलाड़ियों की लगातार मदद के लिए उनके कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिवारों की सराहना करना चाहता हूं। हम खेल में और अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर अपनी सफलताओं के निर्माण करने की उम्मीद करते हैं।”
उन्होंने कहा कि इस ओलंपिक के दौरान असाधारण सेवा, हर एक चीज पर बारीकी से नजर रखने और एकजुटता के बहुत जरूरी संदेश फैलाने के लिए जापान के लोगों, खासकर टोक्यो और जापानी सरकार की प्रशंसा की जानी चाहिए।
पैरालंपिक खेलों के लिए टोक्यो पहुंचे 54 पैरा खिलाड़ियों में से 17 ने पदक जीते।