रांची: झारखंड की दो बेटी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित टोक्यो ओलंपिक 2021 में भारतीय टीम की ओर से खेलेगी। निक्की प्रधान को दूसरी बार और सलीमा टेटे को पहली बार ओलंपिक में भारत की ओर से खेलने का मौका मिला है।
टीम हॉकी में शामिल होने पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों को बधाई दी है। टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की दो बेटी खूंटी की निक्की प्रधान और सिमडेगा की सलीमा टेटे फाइनल 16 में जगह बनायी है। हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा है कि झारखंड की इन दोनों बेटियों ने मान बढ़ाया है। टीम इंडिया सहित झारखंड की इन दोनों बेटियों को शुभकामनाएं एवं जोहार।
इधर, रांची के सांसद संजय सेठ ने निक्की और सलीमा से फोन पर बात किया और उन्हें बधाई दी। दोनों खिलाड़ी अभी बेंगलुरु में हैं। अपने बधाई संदेश में सेठ ने कहा है कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं है। निक्की और सलीमा ने पूरे भारत में झारखण्ड का नाम रोशन किया है और मुझे विश्वास है कि जुलाई में जापान में आयोजित ओलंपिक में दुनिया भर में यह बेटियां भारत का झंडा बुलंद करेंगी।