Godda Lok Sabha seat: तीन बार जीत की हैट्रिक लगा चुके गोड्डा लोकसभा से बीजेपी उम्मीदवार सह सांसद निशिकांत दुबे साल 2024 के इलेक्शन में भी भारी मतों से जीत का दावा कर रहे हैं। जिसको लेकर कड़ी धूप और गर्मी में भी निशिकांत दुबे गांव-गांव लोगों के बीच पहुंच उनसे मुलाकात कर रहे हैं। जनता के बीच ही उन्हीं के अंदाज़ में भोजन या चाय नाश्ता कर रहे हैं। इधर, सांसद निशिकांत दुबे की जीत सुनिश्चित कराने के लिए उनकी पत्नी और बड़े बेटे ने भी जिम्मेवारी उठा रखी है।
गोड्डा लोकसभा के विभिन्न इलाकों में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच पत्नी अनामिका गौतम लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास योजनाओं की जानकारी दे रहीं। साथ ही लोगों को बता रहीं कि पीएम मोदी की योजनाओं को लाकर सांसद निशिकांत दुबे ने पिछले 15 सालों में किस तरह गोड्डा लोकसभा में डेवलपमेंट का कार्य किया है।
बुजुर्गों और महिलाओं से उपलब्धियों को गिनाते हुए अनामिका गौतम गोड्डा लोकसभा में मौजूद देवघर एम्स, प्लास्टिक पार्क, सॉफ्टवेयर पार्क, रेल, दर्जनों ट्रेन और सड़क का जिक्र कर रहीं जो सांसद निशिकांत दुबे के प्रयास से संभव हो पाया।
इधर, बड़े बेटे कनिष्ककांत दुबे भी जनसंपर्क अभियान चला केंद्र व सांसद निशिकांत की उपलब्धियों को लोगों के समक्ष रख रहे हैं। कनिष्ककांत दुबे दूर दराज युवाओं के बीच पहुंच रहे। खासकर नए वोटर्स को गोड्डा लोकसभा के डेवलपमेंट के बारे में बता रहे। कनिष्ककांत कहते हैं कि कोई बहकावे में न आये। डॉ निशिकांत दुबे ने गोड्डा लोकसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य किया है।
सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी और बेटे बूथों पर जाकर वहां के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं से मिलकर केंद्र की उपलब्धियों को बताकर भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं।