
Shravani Mela 2024 (Deoghar): राजकीय श्रावणी मेला, 2024 के पहले दिन और पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी में शिव भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा है। प्रातः 04:07 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया तथा कांवरियों की कतार तड़के सुबह बरमसिया चौक तक पहुँच गयी थी। इन शिवभक्तों की गूंज से रूट लाईन गुंजायमान है और सभी कांवरिया कतारबद्ध हो बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर की निगरानी में रूट लाईन के हर प्वाइंट पर श्रद्धालुओं के सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये गये हैं। साथ ही मेला क्षेत्र में संबंधित विभाग के अधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, आदि अपने कर्त्तव्य पर पूर्ण रूप से मुस्तैद है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर खुद रात्रि से रुटलाइन में विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था व कतारबद्ध जलार्पण को लेकर निरीक्षण कर रहे है, ताकि देवतुल्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावे जलार्पण हेतु कतारबद्ध कांवरियों को बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स से मानसिंघी फुट ओवर ब्रीज होते हुए बाबा मंदिर के गर्भ गृह में लगे अर्घा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है।


