
Jaipur: बयाना थाना इलाके के रैबाडपुरा गांव में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची खौलते पानी में गिर गई। जिससे वह बुरी तरह से झुलस गई। बच्ची के नाना-नानी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बच्ची अलवर की रहने वाली है और वह अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर रह रही थी। परिजनों के मुताबिक डेढ़ साल की बच्ची दृष्टि अपनी मां पूजा के साथ नाना के घर घूमने के लिए आई थी। दृष्टि घर में बच्चों के साथ खेल रही थी। परिजनों ने नहाने के लिए पानी गर्म किया था। घर के आंगन में एक भगोने में खौलता हुआ पानी रखा था। सभी बच्चे खेलते-खेलते भगोने के पास पहुंच गए और अचानक दृष्टि खौलते हुए पानी के भगोने में गिर गई।

बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुन सभी लोग बाहर आए। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने दृष्टि को मृत घोषित कर दिया। बच्ची के परिजन उसे अस्पताल से ही उसके घर अलवर के मालाखेड़ा ले गए।


