
Deoghar: देवघर जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को सतसंग इलाके के शंख मोड़ से कोरियासा मोड़ तक सड़क का अतिक्रमण करने वाले फुटपाथ दुकानदारों के खिलाफ निगम का बुलडोजर चला। दर्जनों फुटपाथ दुकान को जेसीबी से उजाड़ने का कार्य किया गया।

बताते चलें कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए मंगलवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम सतसंग इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसका नेतृत्व निगम के नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास ने किया। दिन के करीब 11 बजे से शाम चार बजे तक चले इस अभियान में शंख मोड़, सतसंग चौक और कोरियासा मोड़ के आसपास से अतिक्रमण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमित दर्जनों दुकानों को हटाया गया, जिससे इलाके में यातायात सुचारु हुआ। निगम के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा अतिक्रमण करते पकड़े गये, तो नगरपालिका अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही 10 हजार रुपये तक का जुर्माना और अतिक्रमण हटाने में लगे खर्च की वसूली भी की जायेगी।

नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास ने कहा कि 24 घंटे पहले ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को एनाउंस कराकर हटने को कहा गया था। लेकिन इन दुकानदारों द्वारा अपने-अपने दुकानों को नहीं हटाया गया। अंतत: मजबूर हो जेसीबी से दुकानों को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

कहा कि सांकेतिक रूप से कुछ दुकानदारों को जुर्माना भी किया गया है। कहा कि आगे से अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यदि ये लोग दुबारा अतिक्रमण करने का प्रयास करते हैं तो इनके खिलाफ कड़े कदम अनिवार्य रूप से उठाये जायेंगे।


