

रांची।

झारखंड में मानव तस्करी के मामलों की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कुख्यात मानव तस्कर पन्ना लाल के सहयोगी व मानव तस्करी के मुख्य आरोपित गोपाल उरांव को खूंटी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार गोपाल उरांव पर भी प्लेसमेंट एजेंसी के नाम पर झारखंडी बालाओं का सौदा करने का आरोप है।

गोपाल उरांव खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के तुनगांव का रहने वाला है। यह कुख्यात मानव तस्कर पन्ना लाल महतो का मुख्य सहयोगी है। पन्ना लाल महतो पूर्व में ही गिरफ्तार हो चुका है।

खूंटी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने में 19 जुलाई 2019 को मानव तस्करी का एक केस दर्ज हुआ था। इसे एनआइए ने टेकओवर करते हुए इसी वर्ष चार मार्च 2020 को री-रजिस्टर्ड किया था और अनुसंधान शुरू किया था। अनुसंधान के दौरान यह जानकारी मिली कि आरोपित पन्ना लाल महतो व उसकी पत्नी सुनीता देवी दिल्ली में तीन प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से मानव तस्करी का धंधा कर रहे हैं। ये आरोपित गरीब, निर्दोष नाबालिग बच्चे-बच्चियों को बहला-फुसलाकर दिल्ली व आसपास के राज्यों में नौकरी दिलाने के बहाने तस्करी करते हैं, लेकिन उन्हें इसके बदले रुपये नहीं देते हैं।

मानव तस्करी के खिलाफ अनुसंधान कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मानव तस्कर व उसके सहयोगियों के ठिकानों पर छापा मारा था। छापेमारी राज्य के चार अलग-अलग जिलों में की गई। इन जिलों में पाकुड़, साहिबगंज, गुमला व खूंटी जिला शामिल हैं। एनआइए की छापेमारी में इन जिलों से भारी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज, रेलवे टिकट, मोबाइल फोन आदि की बरामदगी हो चुकी है। इस पूरे प्रकरण में एनआइए का अनुसंधान अभी जारी है।



