देवघर।
देवघर पुलिस इन दिनों साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चला रही है। जिसको लेकर साइबर अपराधियों के गढ़ में घुस टीम ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरफ्तारी कर रही है। इसी क्रम में एक बार फिर साइबर अपराधियों को पुलिस ने पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
देवघर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित छापेमारी टीम ने जिले के सारठ, देवीपुर व सारवां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से छापेमारी कर कुल 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 22 मोबाइल फोन, 30 सिमकार्ड, 1 एटीएम कार्ड, 2 बाइक व नगद 82 हजार रुपए बरामद किया है।
सोमवार को देवघर एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उपरोक्त गांव के कुछ युवा भोले-भाले लोगों को फर्जी बैंक अधिकारी बनकर उनके बैंक खाते से संबंधित जानकारी प्राप्त कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का कार्य कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एक टीम का गठन किया गया। जिसके बाद छापेमारी टीम द्वारा छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपी बड़ी ही शातिर तरीके से लोगों को अपना ठगी का शिकार बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सारठ थाना क्षेत्र के सुखजोरा गांव निवासी रफाकत मंडल, आफताब अंसारी, सुनील कुमार मंडल, बलभद्र कुमार यादव, लखन यादव, उत्तम कुमार यादव, उपेंद्र कुमार यादव, अभिषेक कुमार यादव, नीरज कुमार रवानी, देवीपुर थाना क्षेत्र के ढकढका निवासी जेलर दास, रोहित दास, परसबनी निवासी आशुतोष पांडेय, सारवां थाना क्षेत्र के अमजोरा निवासी प्रकाश यादव, विकास यादव, धीरज दास, संजीत दास व जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुखलटांड़ निवासी उज्ज्वल कुमार दास शामिल है।