रांची।

झारखंड के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है. देश के प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस का मौका यहाँ के खिलाडियों को मिलेगा.

खेल की दिशा में झारखण्ड राज्य में नया अध्याय लिखा जायेगा. खेलो इंडिया के तहत राज्य के 12 खेल केंद्रों में खेलो इंडिया के केंद्रों का भी संचालन होगा. देश के चुनिंदा खिलाड़ी अभ्यास करने यहां आयेंगे. जिसका लाभ झारखंड के खिलाड़ियों को भी मिलेगा. एक ही सेंटर में अभ्यास करने के कारण ये खेलो इंडिया के विशेषज्ञ कोच से सलाह भी ले सकेंगे. इससे स्थानीय प्रशिक्षकों को भी फायदा होगा.

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने खेलो इंडिया के तहत झारखंड के केंद्रों की सूची जारी की है. झारखंड सरकार और सीसीएल के ज्वाइंट वेंटर से संचालित जेएसएसपीएस (झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी) में 10 केंद्र होंगे. इसके अलावा एक सेंटर टाटा आर्चरी अकादमी (जमशेदपुर) और एक बिरसा मुंडा तीरंदाजी सेंटर (सिल्ली) में संचालित होगा.
रांची के खेलगांव स्थित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, शूटिंग, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती के अलावा बिरसा मुंडा अकादमी (कंपाउंड तीरंदाजी), टाटा आर्चरी अकादमी (रिवर्क तीरंदाजी) को खेलो इंडिया का सेंटर बनाया गया है. खिलाड़ियों को पढ़ाई, मेस, खेल उपकरण एवं रहने-खाने की सुविधा दी जायेगी.




