रांची।
लॉकडाउन के बीच झारखंड में दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों का आना लगातार जारी है। इस दरम्यान आपने मजदूरों को पैदल, ट्रक से लटकते हुए या फिर बस-ट्रेन से घर जाते हुए देखा होगा, लेकिन पहली बार मजदूरों की घर वापसी फ्लाइट से हुई.
मुंबई से मजदूरों को लेकर एक फ्लाइट रांची पहुंची. नेशनल लॉ स्कूल बंगलोर के पूर्ववर्ती छात्रों की मदद से गुरुवार को 174 मजदूर सकुशल अपने घर लौटें। इसके लिए झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने एलुमनाई नेटवर्क ऑफ नेशनल लॉ स्कूल, बंगलोर का आभार प्रकट किया।
सीएम हेमंत ने कहा कि इस नेक काम के लिए मैं एलुमनाई नेटवर्क ऑफ नेशनल लॉ स्कूल, बंगलोर और झारखण्ड एवं महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों समेत पर्दे के पीछे से कार्य कर रहे सभी कोऑर्डिनेटरों का आभार प्रकट करता हूं। आप सब के अथक परिश्रम से आज 174 मजदूर सकुशल झारखंड लौटे है।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि कोरोना से हमारे संघर्ष में आप जैसे सक्षम सहयोगियों का खुद सामने आकर जरूरतमंदों की मदद करने से मानवता की भावना प्रबल होती है। साथ ही आपके कार्यों से प्रेरित हो अन्य कई व्यक्ति एवं संस्थाएं भी भविष्य में मदद को सामने आएंगी।