मधुपुर/देवघर।

प्रेम-प्रसंग मामले में रहस्मय ढंग से लापता छात्र संदीप कुमार राय का शव बारह दिन बाद मधुपुर थाना क्षेत्र के लोहराजोर बालूघाट से बरामद किया गया.

हत्यारो ने साक्ष्य छुपाने के लिए संदीप की निर्मम हत्या कर क्षत विक्षत शव को बोरा में डाल नदी किनारे दफन किया था. घटना के संबंध में बताया जाता है कि गिरिडीह जिला के देवरी थाना क्षेत्र के धनुकडीह का रहने वाला इंटर का छात्र संदीप का मधुपुर के जोगीडीह सलैया की रहने वाली एक छात्रा के साथ प्रेम-प्रसंग चला आ रहा था. जिसको लेकर दोनों के परिवार वालों में अनबन चल रही थी. 31 मई को संदीप अपने घर से देवघर जाने की बात कहकर निकला था. इस बीच संदीप की प्रेमिका ने उसके दोस्तों को फोन पर जानकारी दी थी कि संदीप एक जून को उसके घर आया था. जहां संदीप के साथ उसके तीन चाचा और चाचियों ने मारपीट की है और उसके मूंह में कपड़ा बांधकर अन्य जगह ले गये हैं.

घटना की जानकारी मिलते ही संदीप के चचेरे भाई दूसरे दिन ही मधुपुर थाना पहुंचकर प्रेमिका के परिजनों के विरूद्ध अपहरण का मामला दर्ज कराया था. संदीप के परिजन उसकी तलाश में सलैया के आस पास जंगल और नदी किनारे खोजबीन करने लगे. इसी क्रम में संदीप के चाचा को लोहराजोर घाट के समीप खेत में मानव खोपड़ी जैसा दिखा. लोग गहन खोजबीन में जुट गये. तभी बालू में दफन शव की दुर्गंध आने लगी. जिसकी सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद सारठ एसडीपीओ सदलबल मौके पर पहुंचे और लाश को निकाला जा सका
. शव को नदी से निकाले पर पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा. आक्रोशित परिजन और ग्रामीण देवघर एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे. घटना से आक्रोशित संदीप के परिजनों ने मधुपुर थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग की है. इधर एसडीपीओ अरविंद कुमार सिंह ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात कही है, साथ ही नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कड़ी कार्रवाई की बात कही.


