गिरिडीह।
चैतडीह स्थित सदर अस्पताल के एक्सटेंशन बिल्डिंग में गुरुवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एएनएम और चिकित्सक में जमकर मारपीट हुई।
बताया गया कि एएनएम मनोरमा कुमारी व शोभा कुमारी एक मरीज को लेकर अस्पताल पहुंची थी और डॉक्टर स्वीटी से इलाज की दरख्वास्त की थी। चिकित्सक के आनाकानी करने पर ये लोग उनकी शिकायत लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए और सिविल सर्जन से इस बात की शिकायत की, लेकिन सिविल सर्जन ने इस मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया और इन्हें वापस चैताडीह लौटना पड़ा।
आरोप है कि यहां लौटने पर चिकित्सक ने इनसे अभद्रता की। जिसके बाद मामला बिगड़ गया। चिकित्सक और एएनएम में मारपीट हो गई। इस मारपीट में डॉक्टर स्वीटी के अलावे डॉक्टर बबली मुर्मू के साथ भी पहले धक्का-मुक्की हुई। लेकिन इसके बाद डॉक्टर स्वीटी, डॉक्टर बबली मुर्मू और बबली मुर्मू के पति सुमन राय ने एनएम के साथ जमकर मारपीट की।
घटना की सूचना पर मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष का बयान दर्ज किया। इस दौरान एएसआई चंदन तिवारी ने दोनों पक्ष के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच पड़ताल में जुट गई है। देखना होगा जांच पड़ताल के बाद यह मामला किस दिशा में जाता है।