देवघर/पालाजोरी।
सूबे के कृषि मंत्री रणधीर सिंह के द्वारा देवघर जिले के पालाजोरी प्रखंड के बगदाहा पंचायत भवन में बगदाहा आजीविका महिला संकुल संगठन का उद्घाटन किया गया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि विभिन्न सखी मंडल की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पुरुष प्रधान वाली प्रथा को मिटाकर महिलाओं कोे आगे लाने की जरूरत है। जब तक विकास कार्यों में महिलाओं की सहभागिता नहीं होगी तब तक प्रदेश का सम्पूर्ण विकास नहीं होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही विधायक निधि से संकूल स्तरीय बैठक करने के एक बैठक हॉल के निर्माण की स्वाकृति दी जाएगी, जिसके बाद सखी मंडल की महिलाएं इस भवन में बैठक कर अपनी आर्थिक व सामाजिक उन्नति हेतु विचार-विमर्श कर सकेंगीं। साथ ही उन्होंने कहा कि सखी मंडल को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जोड़कर उन्हें आर्थिक रुप से भी मजबूत बनाने की पहल चल रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन, मधुमक्खी पालन आदि योजनाओं से सखी मंडल की महिलाओं को जोड़कर उन्हें आर्थिक रुप से मजबूत किया जायेगा।
इस दौरान बगदाहा आजीविका महिला संकूल संगठन की अध्यक्ष सुमित्रा देवी, सचिव मुन्नी देवी, कोषाध्यक्ष कविता देवी, उपाध्यक्ष वीणा देवी व उपसचिव मीना देवी व अन्य सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया।
ज्ञात हो कि आंध्र प्रदेश के अनंत महासंगठन से आई 2 महिला ज्योति व भाग्यलक्ष्मी द्वारा बागदाहा संकुल के पंचायत में जेएसएलपीएस के माध्यम से बने ग्राम संगठन को जोड़कर संकुल संगठन का गठन किया गया है। वहीं पालाजोरी प्रखंड के पांच पंचायतों यथा-बागदाहा, बड़जोरी, सगरभंगा, जमुआ व कांकी पंचायत में बने हुए ग्राम संगठन को मिलकर संकुल संगठन का गठन किया गया है।
मौके पर जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रकाश रंजन, रागिनी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक उत्तम कुमार, बालेश्वर कुमार यादव, धीरेंद्र कुमार, रीता देवी, एम.कापरी, परशुराम कुमार, बिनोद, ताहिर, जमील, चैधरी चरण तांती, विष्णु राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।