गिरिडीह:

गिरिडीह से रांची को जोड़ने वाला बराकर नदी पर बना पुराना पुलिया मंगलवार रात अचानक जोरदार आवाज के साथ ध्वस्त हो गया। पुलिया के मलबे के साथ मकई से लदा एक ट्रक भी बराकर नदी में जा गिरा।

घटना में ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि यह पुलिया वर्षों पहले खस्ताहाल हो चुकी थी और प्रशासनिक आदेश से इस पर आवाजाही बंद करा दी गई थी। लेकिन रात के अंधेरे में ट्रक ड्राइवर इस पुराने पुलिया पर ही अपनी गाड़ी को दौड़ा बैठा और यही हादसे का सबब बना। घटना ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस पुलिया के ठीक बगल में नई पुलिया का निर्माण करा दिया गया तो इस पुलिया के दोनों छोर पर बैरिकेटिंग क्यों नहीं की गई? हालांकि घटना के बाद संवेदनहीनता का दृश्य भी मौके पर उभरा हुआ था। स्थानीय लोग दुर्घटना ग्रस्त ट्रक में लोड मकई को लूटते हुए देखे गए। कुल मिलाकर घटना में विभागीय लापरवाही के साथ-साथ मालवीय मानवीय के मूल्यों के मौत का दृश्य भी उभरा हुआ था।



