देवघर/सारवांः

देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के गोलाबाजार निवासी बीएसएफ जवान पंकज साह का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके गांव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम सा मच गया.

उड़ीसा के मलखान गिरी में बीएसएफ के आठवीं बटालियन में कार्यरत सारवां के बीएसएफ जवान पंकज साह की आकस्मिक मौत की खबर सूनते ही पूरे गांव में मातम सा छा गया था. दो दिनों बाद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिये लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. बीएसएफ जवान पंकज साह को नम आंखों से विदाई दी गयी.

जिला पुलिस बल की टीम और बीएसएफ के जवानों द्वारा अंतिम सलामी दी गयी. जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख ने भी जवान के पार्थिव शरीर को कंधा दिया. अंतिम यात्रा के दौरान हज़ारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
जवान के आकस्मिक निधन के सदमे ने परिजनों को झकझोर दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन बार-बार जवान की मौत की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.


