Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार को कोरोना के 20,181 नए मरीज मिले, जबकि चार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मुंबई फिर एक बार लॉकडाउन की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर साफ कर चुकी है कि यदि मरीजों की संख्या 20 हजार से ऊपर पहुंचती है तो हमें लॉकडाउन पर विचार करना ही पड़ेगा। मुंबई में गुरुवार को मिले कुल मरीजों में से 17,154 यानी 85 फीसदी मरीज बिना लक्षणों के मिले हैं। 106 मरीजों को ऑञ्चसीजन पर रखा गया है। कोविड सेंटरों और अस्पतालों में 5,998 यानी 16.8 फीसदी बेड भर गए हैं।
इनमें 1983 ऑक्सीजन बिस्तरों का भी समावेश है। इसी तरह 2,837 मरीज ठीक हुए है, जबकि 79,260 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है। मुंबई में रिकवरी रेट 90 से घटकर 88 फीसदी, संक्रमण दर बढ़कर 0.99 फीसदी और डबलिंग रेट घट कर 70 दिन पर पहुंच गया है। शहर में 32 स्लमों को कंटेंटमेंट जोन घोषित किया गया है। वहीं अब तक 506 इमारतों को सील किया जा चुका है।
राज्य पर गौर करें तो गुरुवार को सूबे में कुल 36,265 नए मरीज मिले, जबकि 13 मरीजों की मौत हो गई। हालांकि 8,907 मरीज ठीक भी हुए हैं। दूसरी तरफ 5,85,758 लोगों को होम और 1,368 लोगों को संस्थागत क्वॉरंटीन में रखा गया है। राज्य में रिकवरी रेट घटकर 96.17, संक्रमण दर 9.71 फीसदी और मृत्युदर 2.08 फीसदी पर पहुंच गई है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रोन के राज्य में गुरुवार को 79 नए मरीज मिले, जिसमें अकेले मुंबई में सर्वाधिक 57 संक्रमित मरीज मिले हैं। पुणे जिले में 8, नागपुर में 6, ठाणे मनपा क्षेत्र में 7 और पिंपरी-चिंचवड में एक नया मरीज मिला है। मुंबई में अब तक कुल 565 मरीज मिल चुके हैं। राज्य में अब तक ओमीक्रोन संक्रमितों की संख्या 876 पर पहुंच गई है। अब तक 381 संक्रमित मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है।