
Indore/Mandu: मध्य प्रदेश में मासूम नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, हालांकि पुलिस समय-समय पर महिला बाल विकास के साथ गुड टच और बेड टच को लेकर स्कूलों में अभियान चलाती है, लेकिन उसके बाद भी घर के आसपास रहने वाले और पारिवारिक रिश्तेदार रिश्तों को कलंकित करते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला धार जिले से सामने आया है।

मध्य प्रदेश के धार जिले में एक पांच साल की मासूम के साथ मुंहबोले चाचा ने दुष्कर्म कर दिया। गुरुवार देर रात बच्ची को गंभीर हालत में धार से इंदौर से एमवाय अस्पताल में रेफर किया गया है। शुक्रवार दोपहर में बच्ची की सर्जरी की गई। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची की हालत नाजुक है। निगरानी के लिए अस्पताल में महिला स्टाफ तैनात किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी अनुसार घटना धार जिले के नालछा ब्लॉक के गांव सराय की है। 40 वर्षीय आरोपित जगन पुत्र गोविंद बच्ची के पड़ोस में रहता है और बच्ची का मुंहबोला चाचा लगता है। गुरुवार शाम को आरोपित ने बच्ची को बिस्कीट देने के बहाने से बुलाया और घर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लहूलुहान हालत में बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची। बच्ची की दादी ने हालत देखकर अपने बेटे बहू को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची और बच्ची को जिला अस्पताल ले गई। यहां से डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। शुक्रवार दोपहर को बच्ची का ऑपरेशन किया गया। उसकी हालत नाजुक है।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित, एमवायएच अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एमवाय अस्पताल पहुंचकर बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली। यहां उसे अलग से एक यूनिट में निगरानी में रखा गया है। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इधर वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित शादीशुदा है और चार बच्चों का पिता है।
(HS)


