Deoghar : देवीपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर नकदी समेत सोने के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना 8 सितंबर की रात की बताई गई है। पीड़ित सुरज कुमार राय निवासी सिरसिया ने देवीपुर थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कराया है ।

मामले में सुरज कुमार राय ने बताया है कि 8 सितंबर को उनकी मां का ऐम्स देवघर में ऑपरेशन होना था। इसके लिए परिवार के लोग घर में ताला लगाकर ऐम्स गए थे। रात करीब 11:30 बजे जब वे लोग वापस अपने घर पहुंचे तो मुख्य ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त पाया गया।

जांच करने पर पता चला कि घर से 1.10 लाख रुपये नकद गायब हैं। इसके अलावा सोने के दो अंगूठी, एक सोने की गले की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र और सोने की कान की बाली समेत अन्य सामान भी नहीं मिला। पीड़ित के अनुसार, घटना की जानकारी रात करीब 12 बजे देवीपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच-पड़ताल की। इसके बाद पीड़ित ने 9 सितंबर को थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जांच कर चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, शिकायत में किसी संदिग्ध या आरोपी का नाम नहीं बताया गया है।



