
Deoghar : देवघर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो कांवरिया सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

पहली घटना में गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनपुरा निवासी 65 वर्षीय सारो मासोमात जलार्पण करने के बाद टोटो से कोठिया बस पड़ाव जा रही थीं। इसी दौरान एक वाहन ने टोटो में टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दूसरी घटना में बिहार के पूर्णिया जिले के मोकामा निवासी कांवरिया विपिन कुमार जलार्पण करने के बाद पैदल बस स्टैंड जा रहे थे। इसी दौरान रांगा मोड़ के पास एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कांवरिया एवं स्थानीय लोगों की मदद से बाइक को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं तीसरी घटना जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीवरन गांव के पास हुई।
यहां अनियंत्रित बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान मनु देवी के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



