
Deoghar Crime News : श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराने-धमकाने के आरोप में कुण्डा पुलिस ने कुख्यात बाबा परिहस्त गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से रंगदारी के रूप में वसूले गये 35,960 रुपये, एक डायरी और नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी पंजीयन संख्या जेएच-15एके-9839) बरामद की है। वहीं गिरोह का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुण्डा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना पर नौलखा मंदिर के पास वाहन जांच

थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को वे पुलिस बल के साथ श्रावणी मेला के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए थाना क्षेत्र में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बाबा परिहस्त गिरोह के सक्रिय सदस्य बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराकर अवैध रंगदारी वसूल रहे हैं।
वसूली की रकम लेकर तीन अपराधकर्मी एक स्कूटी से कुण्डा थाना क्षेत्र के नौलखा मंदिर के पास बंटवारे के लिए आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस ने नौलखा मंदिर के मेन रोड के पास शहर की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की।
करीब 11.45 बजे नीले रंग की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार उसे घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो युवकों को स्कूटी समेत पकड़ लिया, जबकि एक युवक भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव सरेवार (20 वर्ष), पिता- मनोज सरेवार, साकिन- खुशीदत्त द्वारी लेन, शिवगंगा लेन सत्यम मिश्रा (19 वर्ष), पिता- मिलन मिश्रा, साकिन- बिलासी प्रोफेसर कॉलोनी, थाना नगर जिला देवघर के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान अनुभव खवाड़े, पिता- अमित खवाड़े, पता- लक्ष्मीपुर चौक के रूप में बतायी गयी है।
स्कूटी की डिक्की से मिले 35,960 रुपये
पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने खुद को बाबा परिहस्त गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान उनके समूह के सदस्य बाबा मंदिर परिसर स्थित काउंटरों, शिवगंगा तट एवं आसपास के स्थायी-अस्थायी दुकानदारों से डराकर रंगदारी वसूलते हैं।
कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की में रंगदारी से वसूली गयी रकम और डायरी होने की जानकारी दी। स्थानीय लोगों से गवाह बनने का आग्रह किया गया, लेकिन कोई व्यक्ति गवाह बनने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद छापेमारी दल में शामिल दोनों चौकीदारों को साक्षी बनाकर स्कूटी की डिक्की खोली गयी।
डिक्की से 500 रुपये के 37 नोट, 200 रुपये के 27 नोट, 100 रुपये के 105 नोट, 50 रुपये के 23 नोट, 20 रुपये के 11 नोट, 10 रुपये के 19 नोट तथा 20 रुपये के 38 सिक्के, कुल 35,960 रुपये, के साथ एक डायरी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार डायरी में दुकानदारों से रंगदारी के रूप में वसूली गयी रकम का उल्लेख है।
आदित्य चौबे उर्फ बिक्कु चौबे तक पहुंचाने की बात
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अनुभव खवाड़े के साथ मिलकर बाबा परिहस्त गिरोह के लिए काम करते हैं। दोनों के अनुसार मंदिर परिसर एवं शिवगंगा के आसपास के दुकानदारों को भय दिखाकर नियमित रूप से रंगदारी वसूली जाती है। वसूली गयी रकम अनुभव खवाड़े के साथ मिलकर आदित्य चौबे उर्फ बिक्कु चौबे, पिता- प्रफुल्ल कुमार चौबे, पता- प्रोफेसर कॉलोनी के पास पहुंचाने की बात भी आरोपियों ने पुलिस को बतायी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कहा कि इसी रकम से उनके बाबा ग्रुप का खर्च निकलता है। पुलिस ने बरामद 35,960 रुपये, डायरी एवं स्कूटी को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त कर लिया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को रंगदारी वसूली एवं रंगदारी की रकम बरामद होने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में केशव सरेवार और सत्यम मिश्रा ने बताया कि वे बाबा परिहस्त गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं तथा दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
इन पर दर्ज हुआ मामला
कुण्डा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के बयान पर केशव सरेवार, सत्यम मिश्रा, फरार अनुभव खवाड़े एवं आदित्य चौबे उर्फ बिक्कु चौबे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कि गई है।
छापेमारी टीम में थे शामिल
कार्रवाई में कुण्डा थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रशांत कुमार के साथ पुलिस बल एवं चौकीदार 5/1 सच्चिदानंद मंडल, अनिल मंडलशामिल थे। दोनों चौकीदारों को बरामदगी के दौरान साक्षी बनाया गया।



