
Deoghar News : साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में कर्नाटक पुलिस रविवार को देवघर के कुंडा थाना पहुंची। कर्नाटक के गडाग जिले के नरगुंड थाना की पुलिस साइबर आरोपी सरोज कुमार यादव की तलाश एवं सत्यापन के सिलसिले में कुंडा थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा।

जानकारी के अनुसार, नरगुंड थाना पुलिस की ओर से कुंडा थाना के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) को संबोधित एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। पत्र में आरोपी सरोज कुमार यादव के सत्यापन में सहयोग करने तथा वित्तीय धोखाधड़ी/साइबर अपराध से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत कानूनी नोटिस तामील कराने का अनुरोध किया गया है।

1,96,121 की यूपीआई धोखाधड़ी का मामला कर्नाटक पुलिस के आधिकारिक पत्र में अपराध संख्या 223/2025 का उल्लेख किया गया है। मामले में 1,96,121 की यूपीआई धोखाधड़ी से संबंधित साइबर अपराध की जांच की जा रही है। पत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।
तापोवन स्थित ठिकाने के सत्यापन का अनुरोध
पत्र में कुंडा थाना क्षेत्र के तापोवन में रहने वाले संदिग्ध सरोज कुमार यादव की पहचान एवं उसके ठिकाने का सत्यापन करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही आरोपी को संबंधित कानूनी नोटिस तामील कराने में स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा गया है।
कर्नाटक पुलिस की टीम रविवार को इसी मामले में कुंडा थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी के सत्यापन एवं नोटिस तामील की कार्रवाई को लेकर जानकारी ली।
मामले में आगे की कार्रवाई कर्नाटक पुलिस द्वारा की जा रही जांच और सत्यापन के आधार पर होगी। पत्र में अनुवर्ती कार्रवाई एवं समन्वय के लिए संपर्क नंबर का भी उल्लेख किया गया है।



