Deoghar News : सदर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन, नंदन पहाड़ निवासी शम्भू कुमार ने अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकद रुपये व अन्य सामान चोरी होने को लेकर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में उन्होंने अपने भगना कुन्दन कुमार, पिता श्रवण कुमार, ग्राम कोदवार, पंचायत भवन शंकरपुर, थाना घोंघा, जिला भागलपुर निवासी पर चोरी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज मामले के अनुसार शम्भू कुमार कई वर्षों से सिविल लाइन, नंदन पहाड़ स्थित अपने घर में रह रहे हैं। उनका भगना कुन्दन कुमार करीब दो महीने से उनके घर में रह रहा था। शम्भू कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को जब वह सोकर उठे तो देखा कि घर का गोदरेज खुला हुआ है।

गोदरेज में रखे गहने, रुपये व अन्य सामान गायब थे। इसी दौरान उन्होंने पाया कि कुन्दन कुमार भी घर से गायब है और आरोप है कि वह सामान लेकर फरार हो गया। शम्भू कुमार के अनुसार उन्होंने कुन्दन कुमार के मोबाइल नंबर 9263709620 पर संपर्क किया। फोन पर उससे बातचीत भी हुई, लेकिन इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया।
मामले में शम्भू कुमार ने चोरी हुए सामानों में दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, दो मंगलसूत्र लॉकेट, एक-एक पोला बाला, दो मंटिका, दो नथ, दो अंगूठी, दो बजरंगबली लॉकेट, 10 बेसर, चांदी की तीन पायल, चांदी की पांच चेन तथा नकद 1 लाख 55 हजार रुपये शामिल होने की बात कही है।
शम्भू कुमार ने नगर थाना पुलिस से कुन्दन कुमार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन में उन्होंने अपना मोबाइल नंबर 9113412583 भी दर्ज कराया है।



