
Giridih News : झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर में शुक्रवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला-कपसा मोड़ के पास सर्विस रोड पर हुई। मृतक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है। अपराधियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश यादव हेसला में वाहनों की धुलाई और सर्विसिंग से जुड़ा वर्कशॉप चलाता था। शुक्रवार को वह हेसला-कपसा मोड़ के पास सर्विस रोड पर मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर बगोदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, घटना के कारणों का खुलासा और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद सिंह, डीएसपी धनंजय राम और पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। (IANS)



