
Deoghar News : देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 8 जुलाई को की गई छापेमारी में 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया।

सभी पर साइबर ठगी में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना एवं पथरड्डा ओपी क्षेत्र में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक तकनीकी जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अजीत दास, सिकंदर दास पुनसिया, थाना बुढ़ई, बुलू दास तिलौना थाना देवीपुर, शिवम कुमार असाना, थाना मोहनपुर, गोखुल मंडल, चन्द्र कुमार मंडल, ईसाक अंसारी नागादरी, थाना करौं, नवाज अंसारी टटकजोरी थाना मारगोमुण्डा तथा मांगन महरा, संदीप महरा और पंकज महरा रंगा सिरसा थाना पाथरौल शामिल हैं। सभी देवघर जिले के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद होने और पुन: चालू कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।
फर्जी क्रेडिट कार्ड लिंक भेजकर भी साइबर अपराध को अंजाम दिया जाता था। छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से 14 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड तथा दो प्रतिबिंब सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज मिली हैं।
इस कार्रवाई में पुनि बिशेश्वर कुमार, पुनि संतोष कुमार मंडल साइबर थाना, सअनि राकेश कुमार रंजन मोहनपुर थाना, सअनि आमुस होरो पथरड्डा ओपी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।


