
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंह कॉलोनी, चितोलोढ़िया रोड स्थित एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आई है। मामले को लेकर गृहस्वामी दिलीप कुमार सिंह ने नगर थाना में मामला दर्ज करा कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज मामले के अनुसार 8 जुलाई की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर से एसी, गीजर, कूलर तथा बैटरी सहित एक इन्वर्टर चोरी कर ले गए। घटना के समय दिलीप कुमार सिंह अपनी बेटी के घर प्रोफेसर कॉलोनी में थे।

मामले में बताया गया है कि बगल के मकान में रहने वाले उनके भाई के बेटे को देर रात कुछ संदिग्ध आवाज सुनाई दी। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोलकर बाहर देखा, एक स्कूटी तेज रफ्तार से जाती दिखाई दी, जिस पर दो लोग कुछ सामान लेकर सवार थे।
इसके बाद उसने तुरंत फोन कर घटना की जानकारी दिलीप कुमार सिंह को दी। सूचना मिलने पर जब दिलीप कुमार सिंह अपने घर पहुंचे तो घर से एसी, गीजर, कूलर और बैटरी सहित इन्वर्टर गायब मिला।
इसके बाद उन्होंने नगर थाना मे प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


