
Deoghar News : देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पालोजोरी थाना क्षेत्र में चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग एवं छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की नौ मोटरसाइकिल बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात करीब आठ बजे पालोजोरी के अनारकली हाई स्कूल मैदान में एक संदिग्ध युवक चोरी की सुपर स्प्लेंडर बाइक के साथ मिला।

पूछताछ में उसकी पहचान संजय चार (32), निवासी बिनापाथर, जामताड़ा के रूप में हुई। बाइक के कागजात नहीं दिखाने पर उससे सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की बाइक को सस्ते दाम पर बेचने की बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर धीरज मंडल (21), निवासी पथरोल, देवघर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में धीरज ने केदार मंडल (38), निवासी चितरा, देवघर के साथ मिलकर बाइक चोरी करने और चोरी की गाड़ियों को 10 से 15 हजार रुपये में बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने केदार मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो तथा एचएफ डीलक्स समेत अन्य बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों में कई के इंजन और चेसिस नंबर खुरचे हुए पाए गए।
पूरी कार्रवाई पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने की, जिसमें पथरोल एवं मधुपुर थाना की पुलिस तथा सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।


