
Deoghar News : देवघर पुलिस ने सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह गांव में हुए मां-बेटे के चर्चित दोहरे हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात को मृतका रुबेदा की बड़ी बहू शबाना खातून ने अपने प्रेमी इरशाद अंसारी के साथ मिलकर अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को उपर नावाडीह गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सोनारायठाढ़ी थाना कांड संख्या 33/26, दिनांक 30.06.2026, धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 24 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर लिया।

जांच में सामने आया कि शबाना खातून की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में शाहिल अहमद से हुई थी। विवाह के बाद भी उसका प्रेम संबंध पालोजोरी थाना क्षेत्र के पारो गांव निवासी इरशाद अंसारी से बना रहा। पुलिस के अनुसार, शबाना का ससुराल में मन नहीं लगता था और वह लगातार अपने प्रेमी के संपर्क में रहती थी।
वह पति एवं सास द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बातें भी प्रेमी को बताती थी। इसी दौरान दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और कुल्हाड़ी से सास रुबेदा तथा देवर मुशर्रफ अंसारी की हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शबाना खातून (उम्र करीब 19 वर्ष), पति शाहिल अहमद, निवासी उपर नावाडीह, थाना सोनारायठाढ़ी तथा इरशाद अंसारी (उम्र करीब 19 वर्ष), पिता रेहन मियां, निवासी पारो, थाना पालोजोरी, जिला देवघर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, घटनास्थल से रक्त के नमूने, आरोपी का खून लगा कपड़ा, वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए अन्य आवश्यक साक्ष्य जब्त किए हैं।
कांड के उद्भेदन में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, पुलिस निरीक्षक केएन सिंह, शिवनारायण कामत, सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित डांगी, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, पालोजोरी थाना प्रभारी संजय कुमार सहित अनुसंधान एवं तकनीकी शाखा के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


