
Deoghar: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के छोटबहियारी गांव में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मृतका की मां ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है जिसमे एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

दर्ज मामले के अनुसार उनकी 23 वर्षीय पुत्री का रिखिया थाना क्षेत्र के पदबहिया (तिलौना) निवासी सुजीत सोरेन से पिछले करीब दो वर्षों से संपर्क था। आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व सुजीत सोरेन ने शादी का झांसा देकर युवती को घर से भगा ले गया था तथा दोनों करीब छह माह तक केरल में साथ रहे। बाद में दिसंबर 2025 में युवती को वापस उसके घर भेज दिया गया।

परिजनों का कहना है कि युवती लगातार सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने की मांग कर रही थी, लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे वह पिछले छह माह से मानसिक तनाव में रह रही थी।
मामले में कहा गया है कि 9 जून की सुबह युवती मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकली थी। दोपहर में ग्रामीणों ने सूचना दी कि उसने गांव के पश्चिम स्थित जंगल में पलाश के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
मृतका की मां ने युवक पर आत्महत्या के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


