
Deoghar: साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को अपने कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र अंतर्गत डकाय जंगल इलाके में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं।

ये लोग फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेज़न के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
चार आरोपित गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में सारठ थाना क्षेत्र के कपसा निवासी कमरुद्दीन अंसारी, अब्दुल करीम अंसारी, समीर अंसारी तथा पालोजोरी थाना क्षेत्र के असहना निवासी वसीम अंसारी के नाम शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 7 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता पाई गई है। तकनीकी जांच के दौरान जब्त मोबाइल नंबरों एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित समीर अंसारी पूर्व में साइबर थाना कांड संख्या-76/21 में जेल जा चुका है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विश्वेश्वर कुमार, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह तथा सारठ थाना की पुलिस टीम शामिल थी। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।


