
Deoghar: देवघर शहर के श्मशान घाट में सोमवार को उस वक़्त सनसनी फ़ैल गयी, जब एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह लोगों ने श्मशान घाट परिसर में एक व्यक्ति को चबूतरे पर लेटा देखा। पहले उन्हें लगा कि वह सो रहा है। जब सुबह से दोपहर तक व्यक्ति उसी अवस्था में पड़ा रहा और उसमें कोई हरकत नहीं हुई, तब लोगों को संदेह हुआ। कड़ी धूप के बीच कुछ लोग उसके पास पहुंचे और जगाने का प्रयास किया, तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

बताया गया कि यह व्यक्ति रविवार देर शाम से ही श्मशान घाट के आसपास घूम रहा था। व्यक्ति कई बार अचेत होकर गिर रहा था। श्मशान घाट के कर्मचारियों ने उसे कई बार उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया था, लेकिन उसकी हालत सामान्य नहीं लग रही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।


